shazia ilmi quits aam aadmi party

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी की नेता शाजिया इल्मी ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए शाजिया ने कहा कि अरविंद केजरीवाल पार्टी में लोकतंत्र लागू नहीं कर पा रहे हैं। कुछ लोग पार्टी को जकड़े हुए हैं। चुनिंदा लोग ही हैं, जो पार्टी के फैसले ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी में लोकतंत्र नहीं रह गया है। हमारे जैसे लोग जो पार्टी के साथ शुरू से जुड़े हुए थे अब अलग थलग पड़ गए हैं। पार्टी से कई गलतियां हुई हैं, जिनसे निकलने की जरूरत है।

अब कयास ये लगाए जा रहे हैं कि अगले सप्ताह कुमार विश्वास और इलियास आज़मी भी पार्टी से अलग होने का ऐलान कर सकते हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता योगेंद्र यादव ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि शाजिया पिछले दो महीने से नाराज थीं। उन्होंने पार्टी को पत्र भी लिखा था। ऐसे समय जब अरविंद केजरीवाल जेल में हैं उन्हें यह कदम नहीं उठाना चाहिए था। हमें उम्मीद है कि वह पार्टी में वापस लौटेंगी और भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन में हमारा साथ देंगी।
लगातार ख़बरों से अपडेट रहने के लिए खबरज़ोन फेसबुक पेज लाइक करें